
जब हर तरफ अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर उत्साह की लहर दौड़ रही है, वहीं राम मंदिर निर्माण से उत्साहित बीकानेर जिले के कलाकारों ने रेतीले धोरे पर अपनी कला को दिखाते हुए भगवान श्रीराम की प्रतिमा बनाकर खुशी जाहिर की है। बता दें कि सेंड आर्टिस्ट आज इस प्रतिमा के आगे दीप जलाकर भगवान श्रीराम की पूजा भी करेंगे।
आपको बता दें ये प्रतिमा बीकानेर के जैसलमेर हाइवे पर नाल से पहले एक टीले पर सेंड आर्टिस्टों ने भगवान श्रीराम की मिट्टी का आकार बनाया है, इस प्रतिमा के दोनों ओर सेंड आर्टिस्टों ने धनुष-कमान भी मिट्टी में उकेरे हैं। इसके साथ ही प्रतिमा के सामने जय श्री राम उकेर कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा को प्रकट किया है, यह प्रतिमा हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
सेंड आर्टिस्ट महावीर स्वामी ने कहा कि आज हमें पांच सौ वर्ष बाद यह अवसर मिला है, जब भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर मर्यादा पुरूषोत्तम का भव्य मंदिर निर्मित होने वाला है। और हर कोई अपने-अपने तरीके से खुशी मना रहा है, यही वजह है कि उन्होंने अपनी खुशी को राम भगवान की प्रतिमा बनाकर जाहिर किया ।