कोराना की दूसरी लहर का भीषण रूप से सामना करने वाले गुजरात के लिए अच्छी खबर है कि अब राज्य दूसरी लहर से बाहर निकल चुका है। अब हर दिन कोरोना के सिर्फ 25 से 30 नए मामले ही दर्ज हो रहे हैं। वहीं, 4 जिले (पोरबंदर, तापी, अरावली और छोटा उदेपुर) पूरी तरह से कोरोनर मुक्त हो गए हैं। इन चारों जिलों में फिलहाल एक भी एक्टिव केस नहीं हैं और 11 जुलाई के बाद से एक भी पॉजीटिव केस सामने नहीं आया है।
इन चारों जिलों की बात करें तो 21 जुलाई से अरावली और 23 जुलाई से छोटाउदपुर, 28 जुलाई को दो मरीजों के डिस्चार्ज होने पर तापी कोरोना फ्री हो गया था। वहीं, एक अगस्त को आखिरी मरीज के ठीक होकर घर जाने पर पोरबंदर जिला भी कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया है।
15 दिन में एक भी मौत नहीं
2 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य भर में 1315 मामले सामने आए, जबकि 3844 मरीज ठीक हुए। इस तरह 2529 एक्टिव केस कम हुए हैं, जबकि सिर्फ 14 मरीजों की मौत हुई है। इतना ही नहीं 19 जुलाई यानी लगातार 15 दिनों से किसी भी कोरोना मरीज की मौत का मामला सामने नहीं आया।
राज्य में फिलहाल 251 एक्टिव केस
गुजरात में अब तक 8 लाख 24 हजार 922 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इनमें मरने वालों की संख्या 10 हजार 76 हो गई है और 8 लाख 14 हजार 595 मरीज अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। जहां तक एक्टिव केस की बात है तो राज्य में फिलहाल 251 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 4 मरीज वेंटिलेटर पर हैं, जबकि 247 मरीजों की हालत स्थिर है।