वैक्सीनेशन की दोगुनी रफ्तार:7 दिन में 2.65 लाख लोगों को लगे टीके, यही गति रहे तो टारगेटेड 33 लाख आबादी को 27 दिनों में लग जाएगा पहला डोज

कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ा दी गई है। एक सप्ताह पहले रोज लगभग 20 हजार टीके लगते थे, लेकिन अब 50 हजार के करीब लग रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में 2.65 लाख लोगों को टीके लगा दिए गए। यह 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के किसी एक हफ्ते में लगे टीकों में सबसे अधिक है।

शहर में वैक्सीन लगाने के लिए टारगेटेड आबादी 33 लाख है। इसमें से 2343349 लाख लोगों को पहला डोज लग चुका है। जबकि 765666 लोगों को दूसरा डोज लग चुका है। अब 10 लाख लोग पहला डोज लेने के लिए बचे हैं। अगर इसी गति से टीके लगें तो 27 दिनों में टारगेटेड आबादी को पहला डोज लग जाएगा।

वैक्सीन लगवाने को अब भी कतार में लग रहे लोग
शहर में वैक्सीनेशन की रफ्तार की तेज हो गई है, लेकिन अभी भी टीकाकरण सेंटरों के बाहर रात से ही लोगों की कतार कम नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने 8 अगस्त को अपने सूरत दाैरे पर कहा था कि राज्य में 3.5 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। वैक्सीन का पर्याप्त जत्था आ रहा है। रोज 5 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे लोगों को कतार में नहीं लगना पड़ेगा। राज्य में 2200 सेंटर से बढ़ाकर 4000 सेंटर कर दिए गए हैं।

श्रमिकों को टीके लगाने के लिए विशेष अभियान
शहर में व्यापारियों और श्रमिकों को भी तेजी से वैक्सीन लगाई जा रही है। हालांकि अभी भी लगभग 5 लाख श्रमिकों को वैक्सीन नहीं लग पाई है। सरकार ने श्रमिकों को वैक्सीन लगाने के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया है। इतने कम समय में पांच लाख श्रमिकों को वैक्सीन लगानी एक चुनाैती है। हालांकि वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों पर श्रमिकों की भीड़ लग रही है। महानगर पालिका भी इसे देखते हुए छुट्टी के दिन भी विशेष वैक्सीनेशन अभियान चला रही है।

ममता दिवस पर लगे 11205 टीके, आज 153 केंद्रों पर लगेंगे
बुधवार को ममता दिवस था। इस दिन टीकाकरण बंद रहता है, फिर 11 हजार 205 लोगों को दूसरा डोज लगाया गया। गुरुवार को 153 सेंटरों पर टीके लगेंगे। स्पॉट रजिस्ट्रेशन वाले 78 सेंटरों पर कोविशील्ड का पहला डोज व 45 पर दूसरा डोज लगेगा। अपॉइंटमेंट वालों के लिए कोविशील्ड 2 सेंटरों पर लगेगी। गर्भवतियों और 65 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए 8 सेंटर और कोवैक्सीन के टीके लगाने के लिए 12 सेंटरों पर व्यवस्था की गई है।