हम और आप ये बेहतर समझते हैं दिल शरीर का सबसे कमजोर भाग होता है। दिल रक्त का प्रवाह शरीर के हर भाग तक पहुँचाता है। इसलिए इसका ख्याल रखना और भी जरूरी हो जाता है। दिल का ख्याल रखना आपको ताउम्र निरोगी बनाता है। जानते हैं दिल से जुड़े कुछ हेल्थ टिप्स जिनकी मदद से आप भी अपने दिल को स्वस्थ रख सकते हैं-

बढ़ा हुआ वजन एक समस्या- आप में से बहुत से ऐसे लोग होगें जिन्हें शायद ही यह पता होगा कि शरीर का बढ़ा हुआ वजन धीरे-धीरे आपके दिल को कमजोर कर रहा है। वजन बढ़ने की समस्या आज कल की दौड़-भाग की दिनचर्या में आम हो गयी है। आपको अपने दिल को स्वस्थ रखना है तो इसके लिए बेहद आवश्यक है कि आपका वजन आपकी उम्र के हिसाब से ही हो। बढ़ा हुआ वजन ना सिर्फ आपकी लुक को प्रभावित करता है बल्कि यह शरीर में कई बीमारियों का संचारक भी है।

योग की महत्ता को समझें- योगा, व्यायाम की महत्ता तो हम सभी आए दिन अखबार टेलीविजन या अन्य संचार माध्यमों में सुनते-देखते रहते ही हैं। यहाँ तक की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भी ना सिर्फ भारत में बल्कि विश्व भर के देशों द्वारा मनाया जाता है। यानि निश्चित ही लोगों ने योग के महत्व को जाना है। लेकिन हम में से बहुत से लोग सुबह जल्दी ना उठने के कारण योग करना तो दूर उसकी बात करना तक पसंद नहीं करते। दरअसल, योग का भी सीधा संबंध आपके स्वास्थ्य से है। दिल को स्वस्थ बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है कि आप सुबह उठकर योग करें या वॉक पर जाऐं।

जंक फूड को कहें ना- जंक फूड के जितने बच्चे दीवाने होते हैं उतने ही बड़े भी होते हैं। कई बार व्यस्त जिंदगी में रोज की दौड़-भाग में हम घर का खाना बनाना समय व्यर्थ करना समझते हैं। आपको यह समझना होगा कि जंक फूड को अपनी आदत में शुमार कर आप खुद बीमारियों का शरीर में प्रवेश करवा रहे हैं। घर का खाना ना खाना और जंक फूड को ही खाने के स्थान पर खाना आपके दिल को बीमार कर सकता है। अगली बार से इस बात का विशेष ध्यान दें कि जंक फूड खाना कहीं आपकी आदत तो नहीं बन गया है।

नशे को कहें ना- कई लोगों को धूम्रपान और शराब पीने की आदत लग जाती है। आप यह बेहतर समझते हैं कि ऐसी आदतें आपको दिन-प्रतिदिन केवल बीमार कर रही हैं। शराब-सिगरेट पीने की आदत से ना केवल आपको कैंसर होने की संभावना बढ़ती है, साथ ही यह आपके दिल को प्रभावित कर, आपकी जिंदगी के कुछ सालों को कम कर सकता है। इसलिए अपने दिल का ख्याल रखें और इन बुरी आदतों को शीघ्र ही छोड़ दें।

रहें तनावमुक्त- दिल को मजबूती देने के लिए बेहद जरूरी है कि आप तनावमुक्त रहें। भाग-दौड़ भरी जिंदगी में ऑफिस के काम की छोटी-बड़ी बातों पर टेंशन लेना छोड़ दें। अन्यथा यह आपके दिल पर भारी पड़ सकता है। दिल को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि आप तनावमुक्त रहें और हमेशा, खुश रहें। आखिर आपकी मुस्कुराहट में ही तो दिल की मुस्कुराहट छुपी हुई है।