
बप्पी लहरी का बीते मंगलवार के दिन निधन हो गया। जिसके बाद बॉलीवुड़ के कई सितारे उनको आखिरी विदाई देने उनके घर पहुंचे। आज सुबह विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाने वाला है। खबरों की मानें तो बप्पी लहरी के फेफड़ों में संक्रमण था जिसकी वजह से वो ठीक से सो नहीं पा रहे थे। उनके फैंस इस खबर से काफी आहत हैं, लहरी हाउस से पवन हंस श्मशान घाट के बीच कई फैन्स उनकी अंतिम यात्रा से जुड़ चुके हैं। बप्पी लाहिड़ी के पार्थिव शरीर को लेकर विले पार्ले स्थित श्मशान घाट के लिए निकल चुके हैं। यहां पर बस कुछ ही देर में अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हो जाएंगी।
वहीं बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने ट्विटर पर बप्पी लहरी को याद करते हुए एक इमोशनल वीडियो शेयर किया है। आप देख सकते हैं इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, ‘क्यों चले जाते है दुनिया से कुछ लोग?? बप्पी दा! ओम् शांति।’ वहीं बॉलीवुड की जानी मानी सिंगर श्रेया घोषाल ने सोशल मीडिया पर बप्पी दा के नाम एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। आप देख सकते हैं उन्होंने लिखा है कि वह हमेशा बप्पी दा को एक असली रॉकस्टार के रूप में याद करेंगी।
इसके अलावा सनी देओल ने भी ट्वीट कर याद किया उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ‘भारत ने एक और आइकन खो दिया है। म्यूजिक इंडस्ट्री और सिनेमा में आपका योगदान अतुलनीय है। मैं भाग्यशाली था कि घायल के दौरान आपके साथ काम करने का मौका मिला और आपने जो विरासत बनाई है वह हमेशा जीवित रहेगी। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति।’