अमिताभ बच्चन ने बताया अपनी फिल्म ‘दीवार’ का किस्सा, कहा घंटों खुद को कमरे में किया कैद

amitabh bachan News
amitabh bachan News

कौन बनेगा करोड़पति शो में अमिताभ बच्चन को बतौर होस्ट दर्शक देखना काफी पसंद करते हैं, और यही वजह है कि इस शो को अमिताभ बच्चन इतने सालों से होस्ट करते आ रहे हैं। शो में बिग बी प्रतियोगीयों के साथ मस्ती भी करते नजर आते हैं साथ ही उनको दर्शकों के साथ अपनी जिंदगी के कई किस्सों को शेयर करते भी देखा गया है।

अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्हें साल 1975 में आई फिल्म दीवार का आईकॉनिक मंदिर वाला सीन करने में बहुत डर लग रहा था। अमिताभ बच्चन ने कहा कि वो इतना अधिक डर गए थे कि वो लगभग 15 घंटों तक अपने रूम में लॉक रहे थे। वहीं हॉट सीट पर बैठे प्रतियोगी से चर्चा करते हुए बिग बी ने कहा, कई बार कुछ ऐसे सीन्स होते हैं, जिन्हें करना बहुत मुश्किल होता है। आपको भी लगता है कि ये तो मुश्किल है। ऐसे में आपको उसे क्रैक करने के लिए कुछ वक़्त चाहिए होता है।

आगे अमिताभ बच्चन ने कहा, अब जब हम निजी जिंदगी के बारे में बात कर रहे हैं तो मैं आपको अपनी फिल्म का किस्सा बताता हूं। मेरी फिल्म दीवार में एक सीन था, जिसमें मेरा किरदार विजय पहली बार मंदिर जाकर अपनी मां के लिए प्रार्थना करता है। मेरे लिए वो बहुत मुश्किल सीन था। मैं बहुत सुबह मेकअप करके अपने लुक के साथ तैयार हो गया था। यश चोपड़ा जी सेट पर आए और उन्होंने कहा चलो भाई, शॉट रेडी है। यकीन मानिए मैं अपने रूम से बाहर नहीं आ पा रहा था। हमने सुबह 7 बजे शुरुआत की थी और रात के 10 बजे तक मैं अपने कमरे में ही बैठा रहा। मैं रूम से बाहर ही नहीं निकला।

मुझे समझ नहीं आ रहा था कि ऐसे सीन कैसे करें। ये एक ऐसा किरदार था, जो भगवान में भरोसा नहीं रखता था, मगर उसे अपनी मां की जिंदगी के लिए प्रार्थना करनी थी, तो मुझे समझ नहीं आ रहा था कि कैमरा के सामने क्या कहना है और कैसे इसे निभाना है। मगर मैं राइटर को सैल्यूट करना चाहता हूं, जिन्होंने वो स्क्रिप्ट लिखी। उनकी पहली लाइन थी, आज खुश तो बहुत होगे तुम। क्या लाइन है उनकी। आपको बता दें कि फिल्म दीवार को यश चोपड़ा ने निर्देशित किया था। और इस फिल्म की कहानी दो भाइयों पर बेस्ड है। दोनों भाई एक दूसरे से बहुत अलग होते हैं। फिल्म में शशि कपूर, नीतू सिंह, परवीन बॉबी महत्वपूर्ण किरदार में नजर आई हैं।