
रॉबर्ट वाड्रा ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की आलोचना करते हुए कहा कि वह उनके बारे में “नकारात्मक बातें सामने लाती हैं। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा आगे कहा कि, ‘मणिपुर जल रहा है और इस मंत्री (स्मृति ईरानी) को मेरे बारे में किसी तरह की नकारात्मक बात सामने लानी है, जो सांसद में भी नहीं हैं।’
वाड्रा का यह बयान लोकसभा में ईरानी द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के साथ वाड्रा की एक तस्वीर दिखाए जाने के बाद सामने आया है। इससे पहले इसी साल फरवरी में भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अडानी मुद्दे पर लोकसभा में केंद्र को घेरते हुए पीएम मोदी और अडानी की तस्वीर दिखाई थी, जिसके बाद भाजपा ने रॉबर्ट वाड्रा के साथ अडानी की तस्वीरें जारी की थीं. राहुल गांधी ने दावा किया था कि केंद्र सरकार ने “अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए नियम बनाए हैं।” वाड्रा ने विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A’ के बारे में भी बात की और कहा कि गठबंधन NDA को कड़ी टक्कर देगा।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, “कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A’ में शामिल हो गई है और हम उन्हें (NDA) 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छी टक्कर देंगे।” अपनी पत्नी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बारे में बोलते हुए, रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, “मुझे लगता है कि उन्हें (प्रियंका गांधी) संसद में होना चाहिए। उनके पास सभी योग्यताएं हैं और वह बहुत अच्छा काम करेंगी। मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी इसे स्वीकार करेगी और इस संबंध में बेहतर योजना बनाएगी।”
बता दें कि, इससे पहले शुक्रवार को भी रॉबर्ट वाड्रा ने एक फेसबुक पोस्ट में ईरानी की आलोचना करते हुए कहा था कि उन्हें उनके प्रति आसक्त होना और संसद में उनके नाम का दुरुपयोग करना बंद करना होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का सबूत देने की भी चुनौती दी। वाड्रा ने फेसबुक पर लिखा कि, “स्मृति ईरानी जी, मेरे प्रति आसक्त होना और संसद में मेरे नाम का दुरुपयोग करना बंद करें। मैं आपको चुनौती देता हूं कि आप सबूत दें या फर्जी होना बंद करें।”