गुजरात में जोरदार बारिश:अहमदाबाद सहित राज्य के कई शहरों में जोरदार बारिश का दौर जारी, कुछ ही घंटों में गोंडल में 5 तो राजकोट में 2 इंच बारिश

कुछ समय के लिए ब्रेक लेने के बाद मानसून ने पूरे गुजरात में जोरदार बारिश की झड़ी लगा दी है। अहमदाबाद सहित राज्य के कई शहरों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। वहीं, शनिवार को दोपहर 12 से 4 बजे तक गोंडल में 5 तो राजकोट में 2 इंच बारिश हो गई, जिससे दोनों शहर पानी-पानी हो गए।

मौसम विभाग ने राज्य में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई थी, जिसका आज पहला दिन है। गोंडल जिले में आज दोपहर को आंधी के साथ भारी बारिश हुई, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी। यहां महज 4 घंटे में 5 इंच बारिश हो गई। भारी बारिश से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। जिससे कई जगह यातायात ठप हो गया।

राजकोट में आज सुबह से ही बादल छाए हुए थे। दोपहर 12 बजे के बाद अचानक मौसम में बदलाव आया और कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई। शहर के जंक्शन, 150 फीट रिंग रोड, याग्निक रोड, कलावाड़ रोड, मोरबी रोड सहित शहर के इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे वातावरण में ठंडक फैल गई। गौरतलब है कि बारिश का लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।