खजाने का लालच:गुप्त खजाने के लालच में 1200 साल पुराने प्राचीन शिव मंदिर को खोदा, नंदी और शिवलिंग हटाकर दूसरी जगह रख दिए

गुजरात में सुरेंद्रनगर जिले के जामवाडी गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में अज्ञात लोगों ने करीब 7 फिट का गड्डा कर दिया। यह गड्ढा खजाने के लालच में खोदा गया है। गुरुवार सुबह जब गांव के कुछ लोग मंदिर में पूजन करने पहुंचे तो उन्हें इसके बारे में पता चला। खजाने के लालच में नंदी और शिवलिंग को भी उनकी स्थापित जगह से हटाकर दूसरी तरफ रख दिया गया था। बता दें, बता दें, यह शिव मंदिर करीब 1200 साल पुराना है।

जामवाडी गांव के लोगों के बताए अनुसार प्राचीन मंदिर होने के चलते आसपास के कई गांवों की इसमें गहरी आस्था है। हालांकि, बीहड़ इलाके में होने के चलते यहां अधिक लोगों का आना-जाना नहीं होता। मंदिर राजशाही काल का है। इसके चलते मंदिर के नीचे गुप्त खजाना छिपा होने की बात कही जाती है। इसी के चलते अज्ञात लोगों ने इस काम को अंजाम दिया।

राजा सिद्धराज ने करवाया था मंदिर का निर्माण
मंदिर के बारे में इतिहासविद रामकुभाई बताते हैं कि इतिहास में दर्ज जानकारी के अनुसार करीब 1200 साल पहले सुरेंद्रनगर में राजा सिद्धराज का राज था, जो शिवभक्त थे। उन्होंने ही सुरेंद्रनगर सहित आसपास के कई इलाकों में शिव मंदिरों का निर्माण करवाया था। यह मंदिर भी उन्हीं के द्वारा निर्माणित है।

घटना की जांच की जा रही है
इस मामले में थान पुलिस थाने के इंचार्ज एमपी चौधरी ने बताया कि मंदिर में खुदाई की शिकायत दर्ज करवाई गई है। मामलतदार और पुलिस टीम मौके का मुआयना कर चुकी है। पुलिस की टीम गंभीरता से जांच कर रही है। हम जल्द ही आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।