स्वामीजी के अंतिम दर्शन:वडोदरा मंदिर में हरिप्रसाद स्वामीजी की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़, मैदान से लेकर खेत तक गाड़ियों से भरे

योगी डिवाइन सोसायटी के प्रणेता और आत्मीय विश्वविद्यालय के संस्थापक हरिप्रसाद स्वामीजी महाराज की पार्थिव देह भक्तों के अंतिम दर्शन के लिए मंदिर में रखी गई है। बुधवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में हरिभक्तों की भीड़ मंदिर के बाहर और परिसर में जमा है। हालांकि, मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा है। किसी को भी बिना मास्क के मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है।

बता दें, किडनी की बीमारी के चलते स्वामी ने वडोदरा शहर के गोरवा क्षेत्र स्थित भाईलाल अमीन अस्पताल में सोमवार देर रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उन्हें सोखड़ा स्वामीनारायण मंदिर के संत के नाम से जाना जाता था। वे 88 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार आगामी 1 अगस्त को होगा। उनकी पार्थिव देह के दर्शन बुधवार से आगामी 31 जुलाई तक किए जा सकेंगे।

अंतिम दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को अनिवार्य तौर पर मास्क पहनना होगा। हालांकि अंतिम दर्शन करने के लिए मंगलवार को भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। देश-विदेश से भी भक्त अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रमुख स्वामी महाराज के गुरु योगीजी महाराज ने हरि प्रसाद स्वामी को दीक्षा दी थी। हालांकि योगी जी महाराज के निधन के बाद अक्षर पुरुषोत्तम संस्थान से अलग हो गए थे।वर्ष 1935 में 23 मई को जन्मे संत हरिप्रसाद स्वामी बीएपीएस संप्रदाय के संत प्रमुख स्वामी महाराज के गुरु भाई थे। पिछली 23 मई को उनका 88वां जन्मदिन मनाया गया था। देश-विदेश में बड़ी संख्या में उनके अनुयायी हैं। मंदिर के एक संत के अनुसार उनके कार्य देश-विदेश में जाने जाते हैं।

संत हरिप्रसाद स्वामी के निधन का समाचार सुनकर बड़ी संख्या में भक्तगण अस्पताल के बाहर पहुंचने शुरू हो गए। उनके पार्थिव शरीर को गोरवा क्षेत्र स्थित अस्पताल से मंगलवार सवेरे सोखडा स्थित मंदिर तक पहुंचाने के मार्ग में एक किलोमीटर दूरी तक भक्तों ने गुलाब की पत्तियां बिछाई। पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए भक्त अनुशासित ढंग से खड़े दिखाई दिए।

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने श्रद्धांजलि दी
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने योगी डिवाइन सोसाइटी के अध्यक्ष और आत्मीय समाज, आत्मीय विश्वविद्यालय के संस्थापक हरिप्रसाद स्वामी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए परमधाम गमन करने पर श्रद्धांजलि दी है।