नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी बोले:कोरोना में दो लाख की मौत के मामले में आपराधिक लापरवाही को लेकर सरकार पर मानव वध का केस दर्ज हो

वलसाड जिला कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की असफलताओं को उजागर करने के लिए सोमवार को पारडी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता परेश धानाणी ने कोरोना में दो लाख गुजरातियों की मौत में आपराधिक लापरवाही को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मानव वध का केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने सरकार पर कोरोना काल में स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। विधानसभा चुनाव होने में अभी काफी समय है, पर इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

भाजपा पांच साल पूरे करने का जश्न मना रही है वहीं, कांग्रेस उसकी असफलताओं को उजागर कर रही है। प्रतिपक्ष नेता परेश धानाणी ने पारडी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 साल से भाजपा की सरकार होने के बावजूद कोरोना में लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ा। मरीजों को अस्पतालों में भी जगह नहीं मिल रही थी।

श्मशान में लंबी वेटिंग थी। कोरोना ने प्रदेश के 18 हजार गांवों में हाहाकार मचाया था। कोरोना में 2 लाख गुजरातियों की मौत में आपराधिक लापरवाही को लेकर भाजपा सरकार पर मानव वध का केस चलाना चाहिए। कार्यक्रम में वलसाड जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पटेल, वापी शहर अध्यक्ष निमेष वशी, पारडी तहसील अध्यक्ष मेहुल वशी मौजूद थे।