गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और यूपीए सरकार में मिनिस्टर ऑफ स्टेट रहे भरत सिंह सोलंकी का पत्नी से विवाद गहराता जा रहा है। भरतसिंह की पत्नी रेशमा पटेल ने एक और पब्लिक नोटिस जारी कर अपील की है कि सोलंकी की प्रॉपर्टी की वे भी हिस्सेदार हैं। इसलिए कोई भी उनकी प्रॉपर्टी न खरीदे। इसके साथ ही रेशमा ने सोलंकी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनके अकाउंट से 3 लाख डॉलर अपने किसी परिचित के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए हैं।
इससे पहले रेशमा ने भरत सिंह के नोटिस का जवाब दिया था
बता दें, इससे पहले भरत सिंह ने रेशमा से चल रहे संपत्ति व लेन-देन के विवाद पर एक पब्लिक नोटिस जारी कर कहा था कि रेशमा के साथ किसी तरह का कोई लेनदेन न किया जाए। इसके लिए वे जवाबदार नहीं होंगे। इसी के जवाब में रेशमा के वकील ने कहा है –
विवाद के बाद मेरे मुवक्किल को घर से निकाल दिया गया है और उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। साथ ही उन्हें जान का खतरा है। इसके चलते वे अमेरिका जा रही हैं। इसके साथ ही निवेदन है कि मेरे मुवक्किल के पति के नाम पर चल और अचल संपत्ति खरीदने के साथ-साथ चल और अचल संपत्ति न तो खरीदें और न ही बेचें। अगर ऐसा होता है तो मेरे मुवक्किल द्वारा आपके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भरत सिंह ने पब्लिक नोटिस जारी कर कहा था-
पिछले महीने 12 जुलाई को भरत सिंह सोलंकी ने अपने वकील के जरिए एक पब्लिक नोटिस अखबार में इश्तेहार के तौर पर पब्लिश कराया था। नोटिस में लिखा गया था- ‘मेरी पत्नी रेशमा पटेल पिछले 4 साल से मेरे साथ नहीं रहती हैं और मेरी बातों को सुनती नहीं हैं। मेरी पत्नी के साथ मेरे नाम से किसी भी तरह का पैसों का लेना-देना ना करें,अगर करते हैं तो उसके लिए भरत सिंह सोलंकी जिम्मेदार नहीं होंगे।
हम दोनों के बीच में पिछले लंबे वक्त से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। रेशमा पटेल अपने हिसाब से बर्ताव करती है, वह मेरे घर पर भी आ कर रहती हैं, तब भी कोई बातचीत नहीं होती। शुरुआत में मैंने समझा कर मामले को सुलझाने का काफी प्रयास किया लेकिन ऐसा नहीं हुआ, इसके बाद हमारे परिवार के लोगों ने भी मध्यस्था करते हुए मामले को सुलझाने की कोशिश की लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। मुझे डर है कि वह मेरी मुसीबतों को बढ़ाना चाहती हैं।’