आणंद जिले के सोजित्रा तालुका के कारोर गांव में दोपहर के समय तालाब में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो जाने के बाद गांव में शोक की लहर है। इस मामले में सोजित्रा पुलिस ने अकस्मात का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कारोर गांव के उमरालापुर गांव में रहने वाले दो दोस्त योगेश दिनेश परमार (17) और अनिल अमरसिंह परमार (18) सोमवार के दिन पशुओं को चराने के लिए अपने हद विस्तार में गए थे। तभी दोपहर के समय तालाब में डूबे पशु को बाहर निकालते समय योगेश गहरे पानी में चला गया।
इस दौरान योगेश अचानक पानी में डूबते ही आवाज लगाने तगा तभी पास ही खड़े अनिल ने भी उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन कुछ देर बाद योगेश के साथ साथ अनिल भी गहरे पानी में डूब गया। इस घटना की जानकारी पाते ही ग्रामिणों की भीड़ स्थल पहुंची तथा तैराकियों की मदद से दोनों के शव बाहर निकाले गए। घटना के बाद स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पीएम के लिए अस्पताल में रवाना किया है। वहीं सोजित्रा पुलिस ने अकस्मात का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
त्रिवेणी संगम में डूबने से दोनों दोस्तों ने गंवाई जान
वडोदरा जिले के डभोई तालुका के चांणोद में नर्मदा नदी के त्रिवेणी संगम पर डूबे दो दोस्तों में से दूसरे युवक का शव मंगलवार को तीसरे दिन बरामद किया गया है। इससे पहले सोमवार को एक युवक का शव बरामद हो चुका है। शव मिलने के बाद पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार 8 अगस्त रविवार के दिन चांदोद के त्रिवेणी संगम किनारे नहाने गए मूल छोटा उदेपुर जिले के थडगाम के 5 युवकों में से दो युवक नदी के गहरे पानी में डूब गए थे।
हालांकि घटना के बाद स्थानीय तैराकियों ने तलाश भी की लेकिन युवकों का सुराग नहीं लगने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। सूचना पाते ही फायर की टीम ने स्थल पर पहुंचकर नितिन देवजीभाई राठवा (25) का शव नदी किनारे से बरामद किया। जबकि मंगलवार को भी लापता युवक की छानबीन जारी रखी गई थी। तभी जांच के दौरान दूसरे युवक भावेश रामजी राठावा (22) का शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार दोनों दोस्त मकरपुर जीआईडीसी में नौकरी करते थे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया है।