गुजरात में सड़क हादसे दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। कल ही अमरेली में एक ट्रक ने झुग्गियों में सो रहे 8 मजदूरों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। वहीं, आज पोरबंदर जिले के देगाम गांव में एक कार चालक ने स्कूल जा रहे दो मासूमों को कुचल दिया। हादसे में दोनों बच्चों (भाई-बहन) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
14 साल की बहन और 3 साल के भाई की मौत
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 14 वर्षीय आरती गोहेल अपने तीन साल के चचेरे भाई मित गोहेल के साथ स्कूल जा रही थी। इसी दौरान चामुंडा माता मंदिर के पास पोरबदर-जामनगर मार्ग पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा कार (जीजे-01-एचएस-0188) ने दोनों को चपेट में ले लिया। बच्चों को कुचलने के बाद कार सड़क किनारे खेत की दीवार में जा घुसी। इसी दौरान कार ड्राइवर फरार हो गया।
गांववालों बचाने दौड़े
हादसे की खबर होते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ने की भी कोशिश की, लेकिन ड्राइवर खेतों से होते हुए भाग निकला। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, दोनों बच्चों को मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जिसके चलते दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।