कोरोना के कहर के चलते ‘राधे श्याम’ हुई पोस्टपोन, फिर से सिनेमाघरों में छायी उदासी

Radhe Shyam New Poster
Radhe Shyam New Poster

प्रभाष ( Prabhas) और पूजा हेगड़े (Pooja Hegde) की फिल्म ‘राधे श्याम’ की रिलीज डेट को पोस्टपोन कर दिया गया है। पहले इस फिल्म  को 14 जनवरी को रिलीज किया जाना था।  लेकिन कोरोनावायरस की वजह से मेकर्स ने रिलीज को टाल देना ही बेहतर समझा।

देश में कोरोनावायरस का खतरा एक बार फिर से मंडरा रहा है। और इसका सीधा असर सिनेमाघरों पर पड़ने लगा है। बुधवार को ‘राधे श्याम’ के प्रोड्यूसर्स यूवी क्रिएशंस ने ट्विट कर इसके बारे में जानकारी दी ।

बता दें कि मेकर्स ने एक स्टेटमेंट जारी किया  जिसमें कहा गया- हम पिछले कुछ दिनों से पूरी कोशिश कर रहे थे, मगर पिछले कुछ दिनों में ओमिक्रोन मामलों की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए हमें लगता है कि अपनी इस प्यारी फिल्म को बड़े पर्दे तक लाने के लिए इंतजार करना होगा। राधे श्याम मोहब्बत और किस्मत की कहानी है। हमें यकीन है कि आपका प्यार इस मुश्किल वक्त से उबरने में मदद करेगा। जल्द आपसे सिनेमाघरों में मुलाकात होगी। 

फिल्म ‘राधे श्याम’ का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार ने किया है। प्रभास और पूजा की प्रेम कहानी दर्शकों का खूब मनोरंजन करने वाली है. वहीं पिछले दिनों हैदराबाद के रामोजी फिल्मसिटी ( Ramoji Film City ) में राधे श्याम के कई भाषाओं में  ट्रेलर को रिलीज किया गया था।  

वहीं शाहिद कपूर की फिल्म जरसी( Jersey) की रिलीज को भी अभी टाल दिया गया है, जो कि 31 दिसम्बर को आने वाली थी। साथ ही एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ( RRR) की रिलीज को भी रोक दिया गया है, जो कि 7 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए राज्य सरकारों ने सिनेमाघरों को बंद कर दिया है, यानि एक बार फिर से सिनेमाघरों में उदासी देखने को मिल रही है।