अहमदाबाद के एलिसब्रिज विस्तार में स्थित औड़ा के मकान में विवाहिता ने सातवी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। सनकी युवक द्वारा बेटी को परेशान किए जाने की जानकारी ससुराल व मायके पक्ष दोनों को थी, लेकिन लोक-लाज के डर से उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज नहीं करवाई। बेटी के आत्महत्या कर लेने के बाद अब उसके पिता ने प्रेमी के खिलाफ बेटी को प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई है।
एलिसब्रिज के पास भुदरपुर औड़ा के मकान में रहने वाले मंगूभाई परमार की बेटी भारती (24) की शादी अरवल्ली के भिलोड़ा में रहने वाले युवक के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवनकाल में उनका 3 वर्षीय एक बेटा भी है। शादी के बाद भारती अपने परिवार के साथ भिलोडा रहती थी।
लॉकडाउन के कारण भारती के पति को नौकरी नहीं मिलने पर वह कामकाज खोजने शहर से बाहर जाता था, तभी पड़ोस में रहने वाला दिनेश बारिया घर में आकर भारती से छेड़छाड़ करता था, जिसकी सूचना भारती ने पति और पिता को भी दी थी, लेकिन दोनों ही परिवारों ने दिनेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई और इससे आरोपी की हिम्मत दिन-ब-दिन बढ़ती चली गई।
दिनेश की हरकतें बढ़ने पर परिवार दूसरे मोहल्ले में रहने आ गया था, लेकिन आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। और यहां आकर भी भारती को परेशान करने लगा। यहां तक की दिनेश ने भारती के भाई तथा पिता की हत्या करने की भी धमकी दी थी, जिससे तंग आकर भारती ने शुक्रवार को सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।