केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 वायुसेना स्थल हिण्डन में पुरस्कार वितरण समारोह का किया गया आयोजन

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 वायुसेना स्थल हिण्डन में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत सत्र 2021-22 के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं पाठ्यक्रम सहगामी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया ।  विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह के साथ-साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गये ।

समारोह में विद्यालय प्राचार्या  ने अतिथियों का स्वागत किया, साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें व्यक्तित्व विकास हेतु विद्यालय में होने वाली सभी गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी ।

इस पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्य श्रीमान वीरेंद्र जग्गी एव श्रीमान सुशील कुमार ने  भाग लिया एवं विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने के साथ साथ जीवन में सदैव लक्ष्य प्राप्ति पर ध्यान केंद्रित करने हेतु प्रेरित भी किया और साथ ही छात्रों को सम्बोधित करते हुए यह कहा  कि  “छात्र जब विद्यालय के लिए कुछ करते हैं तो छात्रों की उपलब्धि विद्यालय की सम्पत्ति  है और देश के लिए कुछ करते हैं वह देश की धरोहर है”।

विद्यालय उप प्राचार्य  ने कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन में सदैव आगे बढ़ने की सीख दी । अंत में मिष्ठान वितरण के साथ  कार्यक्रम संपन्न हुआ ।