अभी हाल ही में आईसीसी यानि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने श्रीलंकाई टीम को टीम की लकी समझे जाने वाली पीली जर्सी को पहनने की अनुमति आगामी मैचों के दौरान दी थी। तभी इस बात की भी पुष्टि हो गयी थी कि आईसीसी ने वर्ल्ड कप 2019 में भाग लेने वाली क्रिकेट टीम को दो जर्सी को पहनने के विकल्प दे दिये हैं। जिसके तहत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को नारंगी रंग की जर्सी का विकल्प रखा गया।

इसी कड़ी में नारंगी जर्सी में टीम इंडिया का लुक सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है। गौरतलब है कि भारत की क्रिकेट टीम की जर्सी का रंग वैसे तो नीला है लेकिन अब आगामी मैच के लिए भारतीय खिलाड़ी नारंगी जर्सी पहने नज़र आय़ेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों का नया लुक हाल ही में सोशल मीडिया पर बीसीसीआई यानि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने अकांउट से दर्शकों के साथ साझा किया।

भारतीय खिलाड़ियों का नया लुक दर्शकों को खूब भा रहा है और वे इसकी तारीफें भी कर रहे हैं। नारंगी रंग की इस जर्सी में नीले रंग का भी कॉम्बिनेशन है। भारत अपने आगामी मैच जो कि इंग्लैंड के खिलाफ कल होना है उसमें अपने नए अवतार में ही दर्शकों को टेलीविजन पर नज़र आय़ेगी।भारतीय क्रिकेट टीम की नारंगी जर्सी में अभी विराट, धोनी और कुछ खिलाड़ियों का लुक ही तस्वीर के रूप में शेयर किया गया है। लेकिन शनिवार को होने वाले भारत-इंग्लैंड के मैच में दर्शक पूरी टीम को नारंगी जर्सी में रंगा देख पाएंगे। भारतीय तिरंगे का पहला रंग भी नारंगी-केसरी है ऐसे में भारत का प्रदर्शन कर रही भारतीय क्रिकेट टीम भी नारंगी रंग में रंगे होकर देश का समर्थन क्रिकेट ग्राउंड में करेंगे।

हालांकि नारंगी जर्सी का लुक जारी होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी और कप्तान विराट कोहली ने भी जर्सी के विषय में प्रेस-कांफ्रेस में अपनी बात रखी। विराट का कहना है कि उन्हें भारतीय टीम की यह नई जर्सी पसंद तो आई है, वे एक मैच के लिए इसे पसंद भी कर रहे हैं पर वे चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम की पहचान नीले रंग की जर्सी रहे।
बता दें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में भारतीय टीम को नारंगी जर्सी पहननी है। आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 की बात करें तो भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन अभी तक बेहतरीन रहा है। भारत का इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार यानि कल खेले जाने वाला मैच टीम का 7वाँ मैच है।

गौरतलब है कि यदि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में भारतीय टीम अपनी जीत पक्की कर लेती है तो भारत की सेमीफाइनल में भी सीट पक्की हो जाएगी। वहीं बात अगर इंग्लैंड की करें तो इंग्लैंड को सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए अभी भी दो मैच और जीतने होगें। चौथे नम्बर पर चल रही इंग्लैंड टीम को भी वर्ल्ड कप का दावेदार माना जा रहा है।

लकी पीली जर्सी पहने श्रीलंकाई टीम की बात करें तो उन्हें यकीन था कि वे साउथ अफ्रिका के खिलाफ होने वाले मैच में अपनी जीत सुनिश्चित करेंगे। लेकिन कल हुए मैच में साउथ अफ्रिका की टीम से मिली करारी हार के बाद श्रीलंका टीम सेमीफाइनल में जगह गंवा चुकी है। वहीं टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक के प्रदशनों की तरह ही बेहतर हो ऐसी उम्मीद हर भारतीय कल के मैच के लिए कर रहा है।