गुजरात के चर्चित गुमशुदगी केस की गुत्थी सुलझी:इंस्पेक्टर पति ही निकला स्वीटी पटेल का हत्यारा, कांग्रेस नेता की मदद से शव को ठिकाने लगाया था

गुजरात के चर्चित स्वीटी पटेल गुमशुदगी मामले को अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने सुलझा लिया है। स्वीटी पटेल (37) की हत्या हो चुकी है। पुलिस इंस्पेक्टर पति एए देसाई (अजय देसाई) ही स्वीटी का हत्यारा निकला है। देसाई ने चार-पांच जून की मध्य रात्रि पत्नी की हत्या करने के बाद किरीट सिंह जाडेजा की मदद से शव को ठिकाने लगा दिया था।

किरीट करजण (वडोदरा) का स्थानीय कांग्रेस नेता है। देसाई और किरीट कार में स्वीटी का शव लेकर करजण से आमोद और वागरा होते हुए अटाली गांव-भरूच पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक होटल के पीछे सुनसान इलाके में शव को जला दिया था। बता दें, देसाई खुद वडोदरा जिला ग्रामीण पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात था।

देसाई ने अहमदाबाद पुलिस के सामने अपराध कबूल कर लिया। स्वीटी चार-पांच जून की मध्य रात्रि से ही करजण स्थित घर से लापता बताई जा रही थी। सच्चाई यह थी कि इसी रात दंपती में झगड़ा हुआ था। इस दौरान देसाई ने गला घोंट कर स्वीटी को मार डाला था।

2016 में शादी हुई थी
स्वीटी ने 2016 में अजय देसाई ने विवाह किया था। इनका दो साल का बेटा भी है। स्वीटी की यह दूसरी शादी थी। देसाई और जाडेजा पर हत्या और सबूतों को नष्ट करने का केस दर्ज किया गया है। देसाई जिस थाने में तैनात था, उसी में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ है।