सूरत एयरपोर्ट अब कोरोना काल के पहले वाली स्थिति में पहुंच गया है। अब यहां से 50 फ्लाइटें संचालित होने लगी हैं। इनमें 18 साप्ताहिक हैं। हर दिन फ्लाइटों की संख्या घटती-बढ़ती रहती है। दिनभर में औसतन 25 से ज्यादा फ्लाइटों का आवागमन हो रहा है। उड़ानों का रोज 3000 से ज्यादा और महीने में एक लाख के करीब यात्री आवागमन करने लगे हैं। अगस्त से फ्लाइटों की संख्या और बढ़ने वाली है।
कोरोना के पहले प्रतिमाह एक लाख से ज्यादा यात्री आवागमन करते थे। 50 से 56 फ्लाइट संचालित होती थीं। ये संख्या घटती-बढ़ती रहती थी। पिछले एक महीने में सूरत एयरपोर्ट से इंडिगो और स्पाइस जेट ने अपनी कई उड़ानें बहाल की हैं। आगामी दिनों में गोएयर भी अपनी उड़ानें संचालित करेगी। इससे फ्लाइट के साथ यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा।
1 अगस्त से कोलकाता-पटना-सूरत फ्लाइट डेली
स्पाइस जेट की कोलकाता-पटना-सूरत फ्लाइट 1 अगस्त से रोज संचालित होगी। यह फ्लाइट अभी हफ्ते में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित हो रही है। स्पाइस जेट की सूरत से गोवा के लिए हफ्ते में तीन दिन और सूरत से बेंगलुरू के लिए भी हफ्ते में तीन दिन फ्लाइट 23 जुलाई से शुरू हो चुकी है।
13 अगस्त से जयपुर-सूरत-हैदराबाद फ्लाइट शुरू होगी
इंडिगो की जयपुर-सूरत-हैदराबाद रेगुलर फ्लाइट 13 अगस्त से शुरू होगी। ये फ्लाइट जयपुर से दोपहर 12.50 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2.20 बजे सूरत पहुंचेगी। यहां 30 मिनट ठहरने के बाद दोपहर 2.50 बजे उड़ेगी और शाम 4.25 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। वहां से शाम 5.10 बजे रवाना होकर शाम 6.50 बजे सूरत पहुंचेगी।