रफ्तार की भेंट चढ़ गया पूरा परिवार:राजकोट में तेज रफ्तार कार ने दंपति को मारी टक्कर, गेंद की तरह उछलकर गिरी बाइक; माता-पिता समेत 8 महीने के बेटे की मौत

राजकोट जिले के जाम कंडोरणा तहसील के दूधिवदर गांव के पास सोमवार रात को स्विफ्ट कार ने एक बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक गेंद की तरह हवा में उछलकर जमीन पर गिरी, जिससे दंपति सहित उनका 8 महीने का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई।

खरीदारी के बाद घर लौट रहा था परिवार
जाम कंडोरणा के पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार, चरखडी गांव में रहने वाले केशुभाई सोलंकी (30) बाइक पर पत्नी दक्षाबेन (29) और आठ महीने के बेटे रौनक को लेकर खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुधिवदर गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बाइक हवा में उछलकर जमीन पर गिरी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

चालक कार छोड़कर हुआ फरार
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। तीनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने पहले मां-बेटे और उसके करीब आधे घंटे बाद पिता को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद स्विफ्ट कार चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार चालक की तलाश में जुट गई है।

बच्चे को इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया था
सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स के बताए अनुसार अस्पताल पहुंचने तक तीनों की सांसें चल रही थी। वहीं, बच्चे को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे कुछ देर तक कृत्रिम सांस भी दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी सांसें थम गईं।