कोरोना के साथ-साथ अब डेंगू का खतरा:सिटीलाइट-वेसृू जैसे क्षेत्रों में मिल रहे ब्रीडिंग स्पॉट, डेंगू के 8, मलेरिया के 68 मरीज आए

डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और ज्वाॅइंडिस के मरीज आने लगे हैं। पिछले एक सप्ताह में ही बरसाती बीमारियां बढ़ने से मनपा के स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ी हुई है। अब तक मलेरिया के 68, डेंगू के 8 और चिकनगुनिया के 2 मरीज मिल चुके हैं। मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्रीडिंग स्पाॅट नष्ट किए जा रहे हैं। मंगलवार को ओपन प्लाॅट और सीओपी समेत 974 प्रिमाइसिस में 1207 स्पॉट की जांच की गई।

इस दाैरान 57 ब्रीडिंग स्पाॅट नष्ट किए गए। 78850 रुपए जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 33 जिम्मेदारों को नोटिस दिए गए। सूरत महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. प्रदीप उमरीगर ने बताया कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की शुरुआत हो चुकी है। इनकी रोकथाम के लिए एक्टिव और पैसिव सर्विलांस किया जा रहा है। लगभग 1500 कर्मचारी सर्विलांस में लगे हुए हैं।

अठवा जोन की कई सोसाइटियों में मिल चुके मच्छरों के ब्रीडिंग स्पाॅट
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के मरीज उधना, लिंबायत, कतारगाम और सेंट्रल जोन में ज्यादा मिलते हैं। मनपा ने शहर के पॉश क्षेत्र अठवा जोन में भी मच्छरों के ब्रीडिंग स्पाॅट पाए हैं। सिटीलाइट, घोड़दौड़ रोड, वेसू, भटार और पिपलोद की कई सोसाइटियों में ब्रीडिंग स्पाॅट मिलने पर नोटिस दिए गए।