अगस्त में बारिश नहीं होने से सूरत शहर समेत जिले में भी सूखे जैसी स्थिति पैदा हो गई है। पिछले 9 दिनों में शहर में 12 मिमी यानी सिर्फ आधा इंच बारिश हुई है। पिछले साल अगस्त की 1 से 9 तारीख तक शहर में 106 मिमी यानी सवा चार इंच बारिश हुई थी। इस बार बारिश की बेरुखी ने गर्मी और उमस बढ़ा दी है। बारिश होना तो दूर सोमवार को तो शहर में तेज धूप देखने को मिली।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में आर्द्रता 76 फीसदी रही। दक्षिण पश्चिम दिशा से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली।
बारिश रुकने से किसानों की समस्या भी बढ़ गई है। ओलपाड के भांडुत गांव के किसान पानी की मांग को लेकर सोमवार को सिंचाई विभाग पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर पानी देने की मांग की। भांडुत गांव के सरपंच हेमंत पटेल ने बताया कि अब भी करीब 200 से 300 बीघा जमीन पर धान की रोपाई बाकी है, क्योंकि पानी नहीं है। किसान रोपाई कर पाएं, इसलिए सिंचाई विभाग की पानी छोड़े।