गुजरात के सूरत में सुसाइड का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के कडोदरा इलाके में स्थित यूनिक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली एक गर्भवती महिला ने बुधवार सुबह छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इतना ही नहीं, महिला ने मौत की छलांग लगाने से पहले अपने ढाई साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसका खुलासा तब हुआ, जब घर में पुलिस पहुंची। बेटे का शव कमरे में था।

चार साल के बेटे की जान बची
कडोदरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या करने वाली महिला का नाम वनीताबेन पांडे (30) है। वनीता गर्भवती थीं और इसके अलावा उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक की उम्र 4 साल और दूसरे की उम्र ढाई साल है। वनीता ने सुसाइड से पहले छोटे बेटे कृष्णा की हत्या की है। वहीं, बड़ा बेटा दूसरे कमरे में खेल रहा था, जो जीवित है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही वजह पता चल सकेगी।
परिवार यूपी का रहने वाला
पूछताछ में राजेश पांडे (मृतका के देवर) ने बताया कि घर में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि भाभी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। राजेश के बताए अनुसार परिवार यूपी का रहने वाला है। बड़ा भाई महेश (मृतका का पति) पेशे से टेक्सटाइल कंपनी में है और फिलहाल किसी काम से बाहर गया हुआ है। वनिता और महेश की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। परिवार में आर्थिक परेशानी भी नहीं थी।

ननद से विवाद हो सकता है सुसाइड की वजह
हालांकि, पुलिस इस समय घर की तलाशी ले रही है कि शायद कोई सुसाइड नोट मिल जाए। इसके अलावा वनीता के मोबाइल की भी जांच की जा रही है। लेकिन, कुछ पड़ोसियों के बताए अनुसार वनिता की यूपी में रहने वाली अपनी ननद से विवाद था। दोनों के बीच किसी न किसी बात पर खटपट होती रहती थी। सुसाइड की वजह यह भी हो सकती है।