देश में जल्द ही बनेंगे इन जगहों पर 21 ग्रीनफील्‍ड एयरपोर्ट, अपने शहरों में रहकर ले सकेंगे लोग सुविधा

Green Field airport
Green Field airport

जल्द ही देश में 21 ग्रीनफील्‍ड एयरपोर्ट (Greenfield airports) का निर्माण का काम पूरा कर लिया जायेगा। आपको बता दें कि इनमें से 8 एयरपोर्ट शुरू भी किये जा चुके हैं।साथ ही अन्‍य एयरपोर्ट airports को पूरा करने का काम चल रहा है, इन एयरपोर्टस के बनने के बाद  लोग अपने शहर के आसपास से हवाई सफर की सुविधा ले सकेंगे। बता दें कि इन सभी एयरपोर्ट बनने के बाद देश में एयरपोर्टस की संख्‍या लगभग 170 हो जायेगी।

246 रूटों पर उड़ान शुरू की जा चुकी है:
बता दें कि देश में अभी 153 एयरपोर्ट हैं. इनमें से 114 एयरपोर्ट डोमेस्टिक हैं और और बाकी इंटरनेशनल और डोमेस्टिक हैं। वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने छोटे शहरों के लिए सस्‍ती हवाई यात्रा शुरू करने के लिए 766 रूट तय किये है, जिनमे से 246 रूटों पर उड़ान शुरू की जा चुकी है।  नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक केन्‍द्र सरकार ने देशभर में 21 ग्रीनफील्ड हवाईअड्डों को बनाने के लिये मंजूरी दे दी है।

इन जगहों पर बनाये जायेंगे ग्रीनफील्‍ड एयरपोर्ट:

ग्रीनफील्‍ड एयरपोर्ट की लिस्ट में जिन जगहों को शामिल किया गया है वो हैं- गोवा में मोपा, महाराष्ट्र में नवी मुंबई, शिरडी और सिंधु दुर्ग, कर्नाटक में कलबुर्गी, बीजापुर, हसन और शिमोगा, मध्य प्रदेश में दतिया (ग्‍वालियर), उत्तर प्रदेश में कुशीनगर और नोएडा (जेवर), गुजरात में धोलेरा और हीरासर, पुड्डुचेरी से कराईकल, आंध्र प्रदेश में दगदर्शी, भोगपुरम और ओरावकल (कुनूर), पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर, सिक्किम में पायोग, केरल में कन्नूर, और अरुणाचल प्रदेश में होलंगी (ईटानगर) शामिल हैं। अब तक आठ ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे दुर्गापुर, शिरडी, सिंधुदुर्ग, पायोग, कन्नूर, कलबुर्गी, ओरावकल और कुशीनगर शुरू किये जा चुके हैं।

इतने करोड़ रुपये की परियोजना लागत को दी गई मंजूरी:
हवाईअड्डा परियोजनाओं के क्रियान्वयन का उत्तरदायित्व, एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया और संबंधित राज्य सरकार और संबंधित हवाईअड्डा डेवलप करने वाली कंपनी की है. एएआई ने लगभग 646 करोड़ रुपए और 1405 करोड़ रुपये की मंजूरी परियोजना लागत पर होलंगी (अरुणाचल प्रदेश) और हीरासर (गुजरात) हवाईअड्डों के विकास का काम अपने जिम्मे लिया है।

 सार्वजनिक निवेश बोर्ड ने 1305 करोड़ रुपये की लागत पर धोलेरा (गुजरात) हवाईअड्डे के विकास (चरण-1) सिफारिश की है। बाकी दस ग्रीनफील्ड हवाईअड्डों के संबंध में प्रोजेक्ट की लागत की बात की जाये तो वो इस प्रकार है, मोपा (3000 करोड़ रुपये), नवी मुंबई (16,250 करोड़ रुपये), बीजापुर (150 करोड़ रुपये), हसन (592 करोड़ रुपये), शिमोगा (220 करोड़ रुपए), डबरा (200 करोड़ रुपये), जेवर (8,914 करोड़ रुपये-चरण 1) कराईकल (50 करोड़ रुपये), दगदर्थी (293 करोड़ रुपये) और भोगपुरम (2,500 करोड़ रुपये) ।