हाल ही में एक परफ्यूम ब्रांड ‘गैंग रेप कल्चर’ को दिखाने की वजह से चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया हो या बॉलीवुड़ सभी जमकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। इसी बीच प्रियंका चोपड़ा, ऋचा चड्ढा और फरहान अख्तर के साथ कईं सेलेब्स ने इस ऐड की निंदा की है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि 4 लड़के एक अकेली लड़की को मॉल में देखकर ऐसे कॉमेंट्स करते हैं जिससे ‘गैंग रेप कल्चर’ को दिखाया गया है। बाद में दिखाया जाता है कि वो बातें उस लड़की के लिए नहीं बल्कि वहीं, साथ में रखे एक परफ्यूम के लिए होती है। यहां, सितारों ने इस ऐड की मंशा और तरीके पर सवाल उठाते हुए इसे बेहद ही शर्मनाक बताया है।
वहीं इस एड के विरोध में अभिनेता फरहान अख्तर भी दिखाई दिये, फरहान अख्तर ने लिखा, “इन बदबूदार बॉडी स्प्रे ‘गैंगरेप’ का इशारा देने वाले विज्ञापनों को सोचने, स्वीकृत करने और इसे बनाने के लिए अविश्वसनीय रूप से बेकार और विकृत दिमाग की जरुरत होती है!! शर्मनाक।”
प्रियंका चोपड़ा ने इस ऐड को देखने के बाद अपना गुस्सा ज़ाहिर करते हुए लिखा, “शर्मनाक और निंदनीय, इस विज्ञापन को पास होने के लिए कितने स्तरों की मंजूरी लगी? कितने लोगों ने सोचा कि ये ठीक था? मुझे बहुत खुशी है कि इस ऐड के लिए तलब किया गया और अब मंत्रालय ने इसे हटा दिया है। भयावह”।
वहीं एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने कॉमेंट करते हुए लिखा, “ये ऐड कोई दुर्घटना नहीं है। एक विज्ञापन बनाने के लिए, एक ब्रांड को कईं फैसलों की परतों से गुज़रना होता है। क्रिएटिव, स्क्रिप्ट, एजेंसी, क्लाइंट, कास्टिंग, क्या हर कोई सोचता है कि बलात्कार एक मजाक है? हैरान करने वाली बात! इस ब्रांड को, जिस एजेंसी ने ये विज्ञापन बनाया, उन पर इस गंदगी को फैलाने के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए”।