प्रेम शब्द जितना खूबसूरत होता है उतना ही खूबसूरत साथी के साथ रिश्ते का होना बेदह जरूरी है। किसी भी रिश्ते की खूबसूरती को दीर्घकालिक बनाने के लिए जरूरी है, रिश्तों के बीच आपसी समझ का रिश्ता कायम हो। अक्सर हम देखते हैं कि कोई भी रिश्ता जब नया-नया बनता है खासकर प्रेम का, तो उसमे सामने वाले साथी के प्रति समर्पण की भावना हममें स्वयं ही जन्म लेने लगती है। परंतु समय के साथ-साथ रिश्तों में समर्पण की भावना विलुप्त होने लगती है और छोटी-छोटी लड़ाइयों के बाद रिश्ता कभी-कबार टूटने की कगार पर भी आ खड़ा होता है।
जानते हैं कुछ टिप्स जिन्हें अपनाकर आप अपने प्रेम-संबंधों को ना सिर्फ मज़बूती दे सकेंगे बल्कि साथ ही इसे दीर्घकालिक बना पाने में भी कामियाब होगें।
सबसे पहले आपको इस बात को समझ लेना चाहिए कि किसी भी रिश्ते की दीर्घकालिक बनाने के लिए बेहद जरूरी होता है कि आप अपने पार्टनर का सम्मान करें। एक-दूसरे को सम्मान देना रिश्तों को मजबूती देता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप उन्हें यह बात बोल कर जताऐं कि आप उनका सम्मान करते हैं। अगर आप किसी सामाजिक सम्मेलन शादी, पार्टी में बाहर जाते हैं तो अपने साथी की अच्छे कार्यों की सराहना जरूर दोस्तों के समक्ष करें इससे आप बिना जताए साथी को बहुत कुछ बता जाऐंगे।
प्रेम संबंधों की नींव विश्वास पर टिकी होती है। यदि आप अपने साथी पर विश्वास बनाए रखते हैं तो यह निश्चित ही आपके संबंधों को मजबूती देने का कार्य करेगा। अक्सर साथिय़ों के बीच नोंक-झोंक अविश्वास या किसी तीसरे के बीच में आने के कारण ही होती है। आपका साथी पर विश्वास ही एक ऐसा तत्व है जो आपके साथी को आपसे धोखा ना करने के लिए सदैव प्रेरित करेगा। इसके लिए बेहद जरूरी हो जाता है कि आप की अगर साथी का फोन चेक करने की आदत है तो उसे तुरंत छोड़ दें। आपकी साथी पर नज़र की आदत आपके रिश्ते में दरार का कारण बन सकती है।
प्रेम संबंध जितना खूबसूरत होता है उतना ही नाजुक भी होता है। इस नाजुक रिश्ते का पोषण नाजुकता से किया जाना बेहद जरूरी है। साथी आप के लिए कितना महत्व रखता है इस बात का पता आपके साथी को होना चाहिए। ऐसा नहीं कि हर बार आपकी चुप्पी सब कुछ बयां कर जाएगी। समय-समय पर जब आप एक-दूसरे के साथ फुरसत के पल बीताऐं तो उनका आपके जीवन में महत्व जरूर उन्हें बताऐं। यदि आप को लगता है कि आप शर्मिले हैं या अपनी बात कहने में झिझक रहे हैं तो कई बार लिख कर बातों को कहना भी रिश्ते को खूबसूरत बना सकता है।
एक –दूसरे को समय देना प्रेम संबंधों में बेहद जरूरी है। अक्सर हम अपनी दैनिक भाग-दौड़ की जिंदगी में एक रॉबोट बन कर सीमित रह जाते हैं। रोज़ की दिनचर्या में कुछ पल आप अपने साथी के नाम जरूर करें। इससे साथी को यह विश्वास बना रहेगा कि आप उनसे आज भी उतना ही प्यार करते हैं जितना कि पहले किया करते थे।
रोज के दैनिक कार्यों के बीच हम खुद के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं। परिणामस्वरूप यदि आप कोई स्पेशल डे जैसे साथी का जन्मदिन, एनिवर्सरी भूल जाते हैं तो रिश्ते में धीरे-धीरे दरार आने लगती हैं। आपको यह तारीखें कभी नहीं भूलनी चाहिए। साथ ही आप समय-समय पर साथी को कुछ स्पेशल गिफ्ट, सरप्राइस डेट का प्लान कर सकते हैं। यह आपके साथी को खुश रखता है तथा साथ ही रिश्ते को लंबे समय तक कायम रखने में कारगर भी है।